Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर0 की अध्यक्षता में विद्युत विभाग के कार्यो एवं वसूली की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह समेत समस्त अधिशासी अभियन्ता, एसडीओ और जेई उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने पिछले माह की समीक्षा करते हुए बिलिंग के अनुपात में वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, विशेषकर बड़े उपभोक्ताओं का बिल समय पर जमा कराना सुनिश्चित किया जाए ताकि राजस्व में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि बिल जमा कराने की प्रगति प्रतिमाह नियमित रूप से देखी जाए और किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रखा जाए।जिलाधिकारी ने 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण का भी निर्देश दिया। इसके साथ ही अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को खुले में रखे ट्रांसफार्मर पर जाली लगाने हेतु 11 अक्टूबर 2025 तक प्रस्ताव उपलब्ध कराने का आदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी ट्रांसफार्मर खुले में नहीं रहना चाहिए। इसके अतिरिक्त स्कूलों के ऊपर से विद्युत तार हटाने और विद्युत बिल सुधार हेतु तहसीलवार कैम्प आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता, एसडीओ एवं जेई से कहा कि वे अपने मोबाइल नंबर जनता को उपलब्ध कराएं और फोन कॉल्स का समय पर जवाब दें। सभी अधिशासी अभियन्ताओं को जनता की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में अधीक्षण अभियन्ता विद्युत अजय कुमार, अधिशासी अभियन्ता विद्युत ज्ञान प्रकाश (सिद्धार्थनगर), संतप्रिय गौतम (बांसी), संतोष कुमार त्रिपाठी (डुमरियागंज) समेत समस्त एसडीओ व जेई उपस्थित रहे।