तीन बार डंसा कोबरा, पर नहीं झुका ‘बादल’ जान देकर बचाई मालिक की इज्जत

मालिक की हिफाजत में कोबरा से भिड़ा कुत्ता ‘बादल’ दोनों की मौत

MIRZAPUR NEWS: (शाहिद वारसी) जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में कुत्ते और जहरीले कोबरा सांप के बीच लड़ाई का वीडियो सोशल पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां एक पालतू कुत्ते ने अपने मालिक की रक्षा करते हुए एक जहरीले कोबरा सांप से जंग लड़ी और इस जंग में दोनों की मौत हो गई।कहते हैं, कुत्ता इंसान का सबसे वफादार दोस्त होता है, और इसका जीता-जागता उदाहरण विंध्याचल के बबुरा गांव में देखने को मिला।  सूत्रों के अनुसार, कुत्ते का नाम ‘बादल’ था। रोज़ की तरह वह अपने मालिक के घर की रखवाली कर रहा था। तभी अचानक एक कोबरा सांप घर में घुसने की कोशिश करने लगा। बादल की नज़र उस पर पड़ते ही वह तुरंत सतर्क हो गया। बिना किसी डर के उसने सांप पर हमला बोल दिया। कुछ ही पलों में घर के बाहर कुत्ते और कोबरा के बीच जबरदस्त जंग छिड़ गई। कोबरा ने बादल को तीन बार काटा, लेकिन इसके बावजूद बादल पीछे नहीं हटा। उसने भी पूरे जोश के साथ कोबरा पर पलटवार किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया आख़िरकार इस जंग में कोबरा और बादल दोनों की मौत हो गई। वफादार जानवर ने आज  अपनी जान देकर यह साबित कर दिया कि वफादारी सिर्फ इंसानों में नहीं, जानवरों में भी होती है। अक्सर फिल्मों में देखा जाता है कि कुत्ता अपने मालिक के लिए किसी भी हद तक चला जाता है, लेकिन बबुरा गांव की यह सच्ची घटना फिल्मों की कहानी जैसी लगती है, जहां बादल ने अपने मालिक की जान बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर कोबरा और कुत्ते की लड़ाई का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग बादल की बहादुरी को सलाम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *