Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

फाटक बंद होने पर भी बाइक सवार नीचे और अगल-बगल से निकल रहे, प्रशासन की अनदेखी से बड़ी दुर्घटना का खतरा
SIDHARTHNAGAR NEWS: बढ़नी रेलवे स्टेशन पश्चिमी समपार फाटक संख्या 87(ए) इन दिनों यात्रियों की जान पर भारी पड़ रहा है। यहां सुरक्षा नियमों का घोर उल्लंघन आम बात हो गई है। अक्सर यह देखने को मिल सकता है जब भी फाटक बंद रहता है, बाइक सवार अपनी जान जोखिम में डालकर फाटक के नीचे और अगल-बगल से निकल कर पटरी पार करते देखे जाते हैं। यह एक बार की बात नहीं, बल्कि हर ट्रेन के गुजरने के दौरान ऐसा होता है। लोगों की जानलेवा लापरवाही और रेलवे प्रशासन की ढीली निगरानी के कारण किसी भी समय एक बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।स्थानीय निवासियों और यात्रियों की यह अत्यधिक जल्दबाजी एक बड़े हादसे को न्योता दे रही है। पटरी पार करते समय बाइक सवारों को यह ध्यान रखना चाहिए कि ट्रेन किसी भी समय तेज गति से आ सकती है और एक पल की असावधानी जानलेवा साबित हो सकती है। लोगों द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते समपार पर हमेशा बड़ी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यह प्रवृत्ति न केवल यात्रियों के लिए खतरनाक है, बल्कि ट्रेन परिचालन में भी बाधा डाल सकती है, जिस पर उच्च अधिकारियों का तुरंत ध्यान जाना जरूरी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक सख्त कार्रवाई नहीं होती, यह जोखिम भरा खेल नहीं रुकेगा। इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल बढ़नी चौकी प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने कहा कि स्टाफ की कमी है लेकिन फिर भी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एक जवान लगाकर इस तरह की क्रॉसिंग को रोका जाएगा।