बसरेहर के किड्स वैली स्कूल में मिशन शक्ति 5.0 एवं साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

ETAWA NEWS: कस्बे के किड्स वैली स्कूल में मिशन शक्ति 5.0 और साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एसएसपी इटावा बृजेश श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में थाना बसरेहर प्रभारी सौरभ सिंह शामिल हुए। उनके साथ महिला कांस्टेबल किस्मिता, महिला कांस्टेबल कविता, कस्बा इंचार्ज अलख निरंजन, कॉन्स्टेबल अरविंद और कॉन्स्टेबल शुभम भी मौजूद रहे। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर लड़की को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या साइबर उत्पीड़न की घटना की तुरंत सूचना पुलिस को देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “डिजिटल युग में साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक रहना बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से पहले सोचें, सुरक्षा आपके अपने हाथ में है।” उन्होंने छात्राओं को 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1930 (साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन) जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और बताया कि हर थाने में महिला हेल्प डेस्क सक्रिय है।
विद्यालय प्रधानाचार्य कौशल किशोर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं। वहीं, वाइस प्रिंसिपल पिंकी यादव ने कहा कि मिशन शक्ति जैसी पहलें महिलाओं को समाज में सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में छात्राओं ने मिशन शक्ति और साइबर सुरक्षा से जुड़े पोस्टर बनाकर प्रदर्शनी लगाई तथा विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका समाधान थाना प्रभारी और महिला कांस्टेबलों ने विस्तारपूर्वक किया।
अंत में थाना प्रभारी ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि “किड्स वैली स्कूल शिक्षा के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।” कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका पिंकी यादव ने किया और अंत में प्रधानाचार्य कौशल किशोर ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *