Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
JAUNPUR NEWS: राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जौनपुर में ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान-3.0’ का शुभारंभ एक भव्य जन-जागरूकता रैली के साथ किया गया। इस रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य विभाग, जौनपुर द्वारा किया गया, जिसमें कुंवर हरिवंश सिंह पैरामेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि तंबाकू सेवन विश्व स्तर पर मृत्यु का एक प्रमुख कारण है। प्रतिवर्ष लगभग 60 लाख लोग तंबाकू के कारण अपनी जान गंवाते हैं, वहीं हर 6.5 सेकेंड में एक धूम्रपान करने वाले व्यक्ति की मृत्यु होती है। उन्होंने बताया कि भारत में कैंसर से मरने वाले प्रत्येक 100 में से 40 मरीज तंबाकू सेवन के शिकार होते हैं। तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. बी.सी. पंत ने बताया कि वैश्विक युवा तंबाकू सर्वेक्षण 2021 के अनुसार 23% लड़के और 24% लड़कियाँ किसी न किसी रूप में तंबाकू उत्पादों का उपयोग कर रही हैं, जबकि 22% विद्यार्थी सार्वजनिक स्थलों पर परोक्ष धूम्रपान का शिकार होते हैं। GATS-2 रिपोर्ट के अनुसार देश में 13.5% वयस्क वर्तमान में तंबाकू का सेवन करते हैं। डॉ. पंत ने बताया कि यह अभियान युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और COtPA-2003 कानून की धाराओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर एफएलसी जयप्रकाश गुप्ता ने आगामी 60 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस दौरान छह प्रमुख गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी
1. तंबाकू के दुष्प्रभावों पर जन-जागरूकता,
2. विद्यालयों को तंबाकू मुक्त स्कूल घोषित करना,
3. पंचायत स्तर पर तंबाकू मुक्त ग्रामों की घोषणा,
4. पुलिस एवं खाद्य विभाग द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई,
5. प्रिंट व सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार,
6. प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन। कार्यक्रम में एमएच कंसल्टेंट नीरज सिंह, डीसीपीएम मोहम्मद खुबैब रजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय एवं एनसीडी सेल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।