धूम्रपान एवं गंदगी के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

10.26 लाख की रिकॉर्ड कमाई

JHANSI NEWS: झांसी रेल मंडल में स्वच्छता एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए सितंबर माह में धूम्रपान एवं गंदगी के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के कुशल दिशा निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के कुशल नेतृत्व में सभी प्रमुख एवं उप स्टेशनों पर एक मिशन के रूप में संचालित किया गया। इस व्यापक चेकिंग अभियान के तहत मंडल में कुल 5113 मामलों में कार्रवाई की गई, जिससे कुल 10,26,670 (दस लाख छब्बीस हज़ार छह सौ सत्तर) की रिकॉर्ड राशि बतौर जुर्माना वसूली गई। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है, जो साफ दर्शाता है कि झांसी मंडल स्वच्छता और यात्रियों की सुविधा के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है। गंदगी न केवल स्टेशन परिसर की सुंदरता को प्रभावित करती है, बल्कि यात्रियों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डालती है। गंदे प्लेटफॉर्म, खुले में थूका जाना, गंदे शौचालय या इधर-उधर फेंका गया कचरा यात्रियों को संक्रमण, बदबू और असुविधा का कारण बनते हैं। इससे न केवल यात्रियों का अनुभव खराब होता है, बल्कि भारतीय रेल की छवि को भी नुकसान पहुंचता है। स्वच्छ परिवेश से यात्रियों को न केवल एक बेहतर यात्रा अनुभव मिलता है, बल्कि बीमारियों का खतरा भी कम होता है। साफ-सुथरे स्टेशन और कोच यात्रियों में जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं और रेलवे के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखें, खुले में थूकने या धूम्रपान करने जैसी आदतों से बचें और नियमों का पालन कर एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में योगदान दें। रेलवे द्वारा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *