Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

अंतिम संस्कार में शामिल हुए हथगाम चेयरमैन सहित विशिष्ट लोग
FATEHPUR NEWS: हथगाम विकास खंड के छोटे से गांव कसरांव में रहकर एनजीओ के माध्यम से जनपद ही नहीं जम्मू कश्मीर तक लोगों को जगाने वाले प्रखर समाज सेवी अनीस भाई हमेशा के लिए सो गए। छोटी पूंजी के माध्यम से जीवन यापन करने वाले अनीस के निधन को भले ही बहुत महत्व नहीं दिया गया लेकिन इस शख्स ने छोटे से गांव में ग्रामीण युवा एवं बाल विकास परिषद बनाकर जम्मू कश्मीर तक अपनी सेवा दी। जल संरक्षण से लेकर सरकार की कोई ऐसी योजना नहीं थी जिस पर अनीस भाई ने प्रशिक्षण न दिया हो। उनके चार बेटे तथा दो बेटियां हैं जिनमें एक बेटी की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को उन्हें सुपुर्दे खाक कर दिया गया। चेयरमैन हथगाम धीरेंद्र कुमार उर्फ मुन्ना बाबू सहित विशिष्ट लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। बहुत कम उम्र में स्वयंसेवी संस्था बनाकर उन्होंने देश के लगभग हर प्रांत की यात्रा की। जाने-माने समाजसेवी सुब्बा राव उनके आदर्श रहे। उन्हीं के साथ जम्मू कश्मीर में शरणार्थियों की सेवा के लिए उन्हें टीम में शामिल किया गया। उस वक्त विश्वनाथ प्रताप सिंह प्रधानमंत्री थे। मास्टर ट्रेनर के रूप में उन्होंने प्रदेश के अनेक जिलों में सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों को प्रशिक्षित किया। अपनी जन्मभूमि को उन्होंने मेहनत कर बाहर शौच मुक्त बनाया। मौलिक अधिकार को लेकर लोगों को विशेष रूप से जागरूक कर रहे थे। उनके निधन ने हथगाम विकास खंड का एक प्रखर समाजसेवी को खो दिया है।