नून नदी पर बने रपटा पुल के दोनों ओर मिट्टी का कटाव

ग्रामीणों का आवागमन बाधित किसानों की फसलों को हो रहा भारी नुकसान

JALAUN NEWS: ग्राम पंचायत बरहा, विकास खण्ड डकोर, जिला जालौन के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी जालौन को ज्ञापन सौंपकर नून नदी पर बने रट्टा पुल के दोनों ओर हुए मिट्टी के कटाव की गंभीर समस्या को तत्काल सुलझाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी किनारे का क्षेत्र क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे पुल के दोनों छोर से मिट्टी कटकर बह गई है और अब वहां से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।ग्रामीणों ने बताया कि इस पुल के रास्ते ही अधिकांश किसान अपने खेतों में खेती-बाड़ी का कार्य करने जाते हैं। पुल के क्षतिग्रस्त होने से किसानों को खेतों तक पहुँचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते फसल, जुताई-बुवाई और अन्य कृषि कार्य ठप पड़ गए हैं। कटाव की वजह से करीब 50 मीटर क्षेत्र अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो गया है और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देशित कर नदी किनारे मिट्टी भराव एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि आवागमन पुनः बहाल हो सके और किसानों को राहत मिले।ज्ञापन पर ग्राम पंचायत बरहा के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र कुमार, विक्रम सिंह, भारत सिंह,सहित कई ग्रामीणों — रिंकू, लक्ष्मीकांत, श्याम किशोर,नरेंद्र,अभय कुमार, अशोक कुमार, बिपिन कुमार, गोपाल, संजय कुमार, राजन, पप्पू लाल आदि  ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *