डीएम-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

12 अक्टूबर को दो पालियों में होगी यूपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा, नकलविहीन व्यवस्था के निर्देश

JALAUN NEWS: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा०) परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक / क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा०) परीक्षा-2025 के सुचारु, सकुशल एवं नकलविहीन सपंन्न हेतु विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते हुए वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था आदि पूर्व से ही सुनिश्चित की जाएं ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नकल की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। यह परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को दो पालियों में पूर्वान्ह 09:30 से 11:30 बजे तक एवं अपरान्ह 02:30 से 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *