Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दूसरे शिविर में नशीली दवाओं, तंबाकू, शराब के दुष्प्रभाव तथा पशु क्रूरता व पशु संरक्षण के प्रति जागरूक किया
ETAWA NEWS: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में दो स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं और ग्रामीण समुदाय को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा। पहला कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज धरवार में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम संयोजक पीएलवी रामसुंदर दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाएं हमारे समाज की धरोहर हैं। यदि हम उन्हें शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाएंगे तो राष्ट्र की नींव मजबूत होगी। हर बालिका को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है ताकि वह आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सके। इस अवसर पर बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने छात्राओं को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह निषेध अधिनियम, और पॉक्सो कानून के तहत मिलने वाले संरक्षण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर बालिका को किसी भी प्रकार के शोषण या भेदभाव के खिलाफ अपनी आवाज उठाने का साहस रखना चाहिए। पीएलवी नीरज ने भी छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी दी तथा उन्हें जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया। कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहा। संचालन पीएलवी लालमन बाथम ने किया। दूसरा कार्यक्रम धनुवां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर के रूप में संपन्न हुआ। इसमें नशीली दवाओं, तंबाकू, शराब के दुष्प्रभाव, तथा पशु क्रूरता और पशु संरक्षण जैसे सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिविर संयोजक पीएलवी राजेंद्र यादव ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है। सामाजिक विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने बताया कि पशु भी हमारे पर्यावरण और जीवन-चक्र का अहम हिस्सा हैं, अतः उनके प्रति संवेदनशीलता रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। कार्यक्रम में सीएचओ सतेंद्र यादव, फार्मासिस्ट शैलेंद्र त्रिपाठी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनुराधा, रामकुमारी, आशा बहुएं विनीता, पूजा, गुंजन, राधा, मौसमी देवी, दिव्यांशी, किरणमाला, सपना, पूजा, मनीषा, प्रमिला आदि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बालिकाओं के सशक्तिकरण, नशा मुक्त समाज और पशु संरक्षण का संकल्प लिया।