Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने विद्यालय के शैक्षिक महोत्सव में विधायक मोना की ओर से सौंपी दो लाख की सौगात, मेधावियों के खिले चेहरे
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि भाजपा की सरकार में किसान नौजवान तथा युवाओं समेत हर तबके को निराशा हाथ लग रही है। उन्होने कहा कि भाजपा का किसानों की आय दोगुनी करने के बड़े बड़े दावे की असलियत इस समय खाद की कालाबाजारी से उजागर हो गयी है। उन्होने कहा कि सरकार में बैठे मंत्री और अधिकारी अपने पूंजीपति मित्रों की तिजोरी भरने के लिए किसानों को खाद नहीं उपलब्ध करा पा रहे हैं। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि किसानों को जब भी यूरिया की आवश्यकता होती है तो साधन सहकारी समितियों व सरकारी केन्द्रों से यह नदारद मिला करती है। उन्होने कहा कि किसानों को मजबूर होकर बढ़े दाम पर बाजार से कालाबाजारी की पीड़ा के साथ खाद लेनी पड़ती है। शनिवार को रांकी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने किसानी तथा खेती के साथ बिजली के क्षेत्र में असफलताओं पर भाजपा सरकारांे की जमकर घेराबंदी की। उन्होने कहा कि प्रदेश में मांग के अनुसार बिजली की आपूर्ति करने में भी भाजपा सरकार असफल हो रही है। उन्होने कहा कि आपूर्ति के तय रोस्टर में भी बिजली की आपूर्ति न होना आम आदमी के लिए तकलीफदेह है। उन्होने कहा कि छात्रों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ व्यापारी वर्ग का कारोबार भी बिजली संकट से अंधकारमय हो उठा है। उन्होने कहा कि आपूर्ति के बदतर हालात में ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर के जरिए अब बिजली का बिल कई गुना अधिक आ रहा है। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि जर्जर तारों एवं टूटे खम्भों को बदलने में नाकाम सरकार स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर बिल का बोझ लाद रही है। वहीं राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने जनसभा में मध्य प्रदेश तथा राजस्थान में खांसी की दवा के नाम पर बच्चों को जहर पिलाने की घटना को भ्रष्टाचार व रिश्वतखोरी की पराकाष्ठा कहा है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा शासित राज्य हरियाणा में एडीजी रैंक के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वाई पूरन कुमार को जातीय आधार पर उत्पीड़न और अपमान तथा प्रताड़ना के चलते आत्महत्या करनी पड़ी। उन्होने कहा कि ग्यारह साल में भाजपा के राज में दलित अधिकारी के उत्पीड़न की घटना संविधान में समता के अधिकार का खुला उल्लंघन है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सरकारी आंकड़े खुद बता रहे हैं कि भाजपा राज में दलित, महिलाओं, गरीब अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति का उत्पीड़न सर्वाधिक हुआ है। उन्होने रामपुरखास के लोगों को विधायक मोना के द्वारा संचालित विकास योजनाओं को समयबद्ध पूरा कराये जाने का भी भरोसा दिलाया। जनसभा की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह बबलू व संचालन गंगेश सिंह ने किया। इसके पहले राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी नसीरपुर के स्वतंत्रता सेनानी बृजेशचंद्र कौशिक इण्टर कालेज में हुए शैक्षिक महोत्सव में शामिल हुए। यहां उन्होने शैक्षिक परिवेश की मजबूती को लेकर विधायक मोना की ओर से शिक्षण कक्ष के लिए विधायक निधि से दो लाख रूपये की सौगात दिये जाने की घोषणा की। दीवानगंज में सांसद प्रमोद तिवारी श्यामशंकर पाण्डेय के संयोजन में आयोजित श्रीमदभागवत कथा में भी शामिल हुए। लालगंज बाजार में रवी जायसवाल के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में भी सांसद प्रमोद तिवारी ने व्यापारियों को कारोबारी के क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, प्रमुख इं. अमित सिंह पंकज, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, आशीष उपाध्याय, दृगपाल यादव, पूर्व जिपंस महेन्द्र सिंह, राकेश सिंह, दिवाकर सिंह, डा0 इंद्रजीत सिंह, बृजेश सिंह, दशरथ कोरी, रामाधार कोरी, सुशील सिंह, आशुतोष मिश्र, आदि रहे।