मिलेट्स प्रशिक्षण के लिए 50 किसानों का दल हुआ रवाना

विधायक ने हरी झंडी दिखाकर पंतनगर के लिए किया रवाना

FATEHPUR NEWS: जिले में श्री अन्न मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के तहत कृषि विभाग द्वारा आयोजित अंतर्राज्यीय कृषक भ्रमण कार्यक्रम के लिए 50 किसानों का दल शनिवार को पंतनगर रवाना हुआ। खागा विधायक कृष्णा पासवान ने कलेक्ट्रेट से दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल उत्तराखंड के गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में ‘अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी’ में भाग लेगा और श्री अन्न मिलेट्स प्रशिक्षण प्राप्त करेगा। उप कृषि निदेशक डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिलेट यानी ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो, काकुन, सांवां और कुटकी के उन्नत फसल उत्पादन की तकनीकों के साथ-साथ उनके मूल्य संवर्द्धन की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि पंतनगर में किसानों को उन्नत किस्म के बीज, विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों और नवीनतम कृषि तकनीकों की जानकारी मिलेगी, जिससे वे अपनी आय बढ़ा सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम सिंह ने जानकारी दी है कि किसान दल पंतनगर विश्वविद्यालय में मिलेट्स फसलों के अतिरिक्त बागवानी, सब्जी, फूलों की खेती और प्राकृतिक खेती के बारे में भी जानकारी प्राप्त करेगा। भ्रमण के दौरान किसान फार्म भ्रमण के साथ-साथ मशरूम उत्पादन और खाद्य प्रसंस्करण की विधियों से भी परिचित होंगे। भ्रमण कार्यक्रम का संचालन कर रही प्रज्ञा ग्रामोत्थान सेवा समिति के सचिव उमेश चंद्र शुक्ल ने कहा कि ऐसे भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों से किसानों को कृषि की नई तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *