Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

ETAWA NEWS: जनपद इटावा के थाना इकदिल क्षेत्र के ग्राम पिलखर में दबंगई का मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ दबंगों द्वारा युवक को धमकाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित गुलशन कुमार पुत्र हवलदार सिंह निवासी ग्राम पिलखर, थाना इकदिल ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीते 11 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे गांव के ही सोमनाथ यादव व अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। गुलशन कुमार के अनुसार, उक्त लोग आए दिन उसे परेशान करते हैं और झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उसने बताया कि जब वह थाने में तहरीर देने पहुँचा, तो थाने के बाहर नीरज यादव अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ पहुंच गया और उसे घेरकर थाने जाने से रोकने लगा, जबकि ग्राम प्रधान पंकज यादव उसी समय थाने के अंदर बैठे हुए थे। पीड़ित ने यह भी बताया कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो उसे और उसके परिवार को गंभीर खतरा हो सकता है। उसने कहा कि फरवरी माह में भी प्रधान पंकज यादव ने उसके साथ मारपीट की थी और जाति सूचक गालियां दी थीं, जिसकी रिपोर्ट इकदिल थाने में दर्ज है। लेकिन घटना को आठ महीने बीत जाने के बाद भी चार्जशीट कोर्ट में दाखिल नहीं की गई है। गुलशन कुमार का कहना है कि लगातार दबाव बनाकर मुकदमा वापस लेने की धमकी दी जा रही है।