Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

ETAWA NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत जनपद इटावा की थाना वैदपुरा पुलिस ने रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक सैफई रामगोपाल शर्मा के पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ। थाना परिसर में हुए इस शिविर में देव अस्पताल एवं अदिति अस्पताल के चिकित्सकों ने स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। शिविर में भारी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर कार्यक्रम का लाभ उठाया। इस अवसर पर थाना वैदपुरा पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा उपस्थित आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं आमजन में सुरक्षा, स्वास्थ्य और साइबर जागरूकता के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना रहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता लें और दूसरों को भी जागरूक करें।