वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत, घर से घूमने की बात कहकर निकले थे

फाइल फ़ोटो राधे श्याम बिंद

JAUNPUR NEWS: खेतासराय थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसा खेतासराय रेलवे स्टेशन के आउटर पर तारगहना मोड़ के पास पोल संख्या 851/18 पर हुआ। मृतक की पहचान मनेछा चक्साग्यास गांव निवासी राधे श्याम बिंद (45) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि राधे श्याम शनिवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकले थे। पत्नी निर्मला ने बताया कि उन्होंने कहा था, “आज काम करने का मन नहीं है, घूमने जा रहा हूं।” इसके बाद वे घर नहीं लौटे। देर शाम हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक सात बच्चों के पिता थे। छह बेटियां और एक बेटा है। ग्रामीणों की मदद से तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि तीन की शादी अभी बाकी है। बेटा दीपक (15) अब घर का इकलौता सहारा है। राधे श्याम रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पत्नी निर्मला का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *