बड़े पैमाने पर मिला अवैध पटाखों का भण्डारण, एक गिरफ्तार

PRATAPGARH NEWS: गश्त के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध पटाखों के भण्डारण की बरामदगी करने में उदयपुर पुलिस को कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने मौके से पटाखा निर्माण करते एक आरोपी को धर दबोचा। मुकदमा दर्ज कर सोमवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। उदयपुर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार फोर्स के साथ रविवार की देर शाम गश्त पर निकले थे। इसी दौरान परानीपुर में एक खेत में बड़े पैमाने पर अवैध पटाखों के भण्डारण किये जाने की सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली। आननफानन में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करके आरोपी को पटाखा निर्माण करते धर दबोचा। पुलिस ने खेत से बड़े पैमाने पर अवैध पटाखा का भण्डारण तथा पटाखा निर्माण करने की सामग्रियों की बरामदगी की। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मौके से परानीपुर गांव निवासी आरोपी शेर अली पुत्र असगर अली की गिरफ्तारी की गयी है। यहां से कुल साठ किलो अवैध पटाखे तथा निर्माण सामाग्री की बरामदगी की गयी है। मौके पर विस्फोटक पदार्थो को नष्ट कराया गया। आरोपी शेर अली के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, आरोपी को सोमवार को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *