Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

MIRZAPUR NEWS: युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल विभाग,जनपद मीरजापुर के तत्वाधान मे सोमवार को युवक एवं महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेल किट वितरण समारोह का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट सभागार मे किया गया। कार्यक्रम मे मुख्य रूप मे पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल तथा मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य उपस्थित रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों द्वारा युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दलों के पदाधिकारियों को खेल किट वितरित किए गए। कार्यक्रम के पूर्व उपस्थित जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वर्चुअल संबोधन सुना। मुख्यमंत्री ने राज्य मे खेलो के प्रोत्साहन हेतु चल रही योजनाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रेरणा से उत्तर प्रदेश मे खेल जगत को नई दिशा मिल रही है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को न केवल प्रोत्साहित कर रही है,बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को नौकरी एवं सम्मानजनक अवसर भी प्रदान कर रही है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केसरी, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह, तथा जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी दिनेश कुमार सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवक मंगल दल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।