गेरुआडीह में सड़क मरम्मत कार्य तीन महीने से ठप, ग्रामीणों में आक्रोश

PRAYAGRAJ/MANDA NEWS: क्षेत्र के गेरुआडीह में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। गांव निवासी सुशील सिंह ने तीन महीने पहले खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमित मिश्रा को एक प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से सड़क मरम्मत कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की ऊंचाई और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव हो जाता है। इससे न केवल राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है, बल्कि जलभराव के कारण सड़क पर जीव-जंतु भी पनपने लगे हैं, जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
बीडीओ के आदेश के बावजूद नहीं हुआ काम
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), प्रयागराज के निर्देश पर संबंधित ग्राम प्रधान और सचिव को तीन दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि, तीन महीने बीत जाने के बावजूद आज तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्राम पंचायत अधिकारी का कहना
इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी बृजेंद्र शुक्ला ने बताया कि सड़क का निर्माण वर्ष 2012 में अंबेडकर नगर योजना के तहत सीसी रोड के रूप में हुआ था, जो अब भी तकनीकी रूप से अच्छी स्थिति में है। उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों ओर विपक्षियों के आपसी विवाद के चलते लोगों ने करीब तीन-तीन फीट मिट्टी डाल दी है, जिससे सड़क नीचे हो गई और पानी भरने लगा। इसके पूर्व में सड़क के दोनों ओर नालियां बनी थीं, लेकिन विपक्षियों द्वारा इन्हें काट दिया गया। नाली पुनर्निर्माण को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। शुक्ला ने कहा कि सीसी रोड को ऊंचा करने का कोई तकनीकी प्रावधान नहीं है। इस मामले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह भी निरीक्षण कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *