कौओं द्वारा गाय को नोचने का वीडियो वायरल, गौशाला पर उठे सवाल अधिकारियों ने किया बचाव

SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड बढ़नी के ग्राम पंचायत परसोहिया गौशाला में बीमार गाय को कौओं द्वारा नोचे जाने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोमवार को सामने आए इस वीडियो से आस-पास के क्षेत्रों में रोष फैल गया। प्रशासन ने आनन-फानन में मामले का संज्ञान लिया, लेकिन जांच के बाद गौशाला की व्यवस्था को ‘ठीक-ठाक’ बताया।
वायरल वीडियो में एक असहाय, बीमार गाय लेटी दिख रही है, जिसके शरीर पर कौओं का झुंड बैठा है और उसे नोच रहा है। इस हृदय विदारक दृश्य ने पशुओं की देखभाल में बड़ी लापरवाही की ओर इशारा किया, जिससे लोग सवाल उठाने लगे। मामला गरमाने पर पशु चिकित्सा अधिकारी (बढ़नी) संतोष कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई देते हुए बताया कि एक गाय बीमार होने के कारण लेटी हुई थी। उन्होंने दावा किया, वायरल वीडियो में जो कौओं द्वारा उसके ऊपर बैठने का मामला दिखाया गया है, वह किसी ने इंटेंसली (जानबूझकर) ऐसा वीडियो बनाकर वायरल किया है। उन्होंने गौशाला की व्यवस्था और सफाई को ‘काफी ठीक’ बताते हुए कहा कि बीमार गाय का इलाज कर दिया गया है। खंड विकास अधिकारी अनशि मणि पाण्डेय ने भी निरीक्षण के बाद कहा कि मौके पर एक गाय बीमार थी, जिसकी दवा करा दी गई है, लेकिन गौशाला की बाकी व्यवस्था ‘ठीक-ठाक’ है। भले ही अधिकारियों ने व्यवस्था को दुरुस्त बताया हो, लेकिन इस वायरल वीडियो ने सरकारी गौशालाओं में बीमार पशुओं की दुर्दशा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। (प्रातःकाल एक्सप्रेस इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *