सीजेए की मासिक बैठक सम्पन्न, पत्रकार एवं पत्रकारिता पर हुआ चिंतन

पत्रकारिता के गुर सीखे पत्रकारों ने, संगठन विस्तार और नई रणनीतियों पर हुई चर्चा

PRAYAGRAJ NEWS साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) की मासिक बैठक का आयोजन प्रयागराज में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर देश और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन का विस्तार, पत्रकारों की समस्याओं पर संवाद और आने वाले अभियानों की रणनीति तय करना रहा। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान, प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी, उत्तराखंड राज्य सह प्रभारी पारुल सिंह, प्रयागराज मंडल सलाहकार समिति के चेयरमैन इसरार अहमद और फतेहपुर जिला महासचिव सैय्यद शारिब क़मर अज़मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रयागराज जिलाध्यक्ष जाबिर अली ने की, जबकि संचालन का दायित्व जिला महासचिव अभिषेक गुप्ता और जिला कोषाध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से निभाया। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और सदस्यता विस्तार पर विशेष बल दिया गया। बैठक में प्रयागराज जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजुल शर्मा ने उपस्थित पत्रकारों को पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया की भूमिका और जिम्मेदार रिपोर्टिंग पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आज के युग में पत्रकारों को न केवल खबरें प्रस्तुत करनी हैं, बल्कि सत्य, संतुलन और संवैधानिक जिम्मेदारी का निर्वहन भी करना है। राजुल शर्मा ने पत्रकारों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया के दौर में भी पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखें और खबरों को तथ्यों के साथ प्रस्तुत करें ताकि समाज में विश्वास कायम रहे।
इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी ने कहा कि साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन का उद्देश्य न सिर्फ पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करना है, बल्कि उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाना भी है। उन्होंने बताया कि आगामी माह में प्रदेशभर में पत्रकारों के लिए डिजिटल सेफ्टी और मीडिया लॉ पर विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं संगठन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने कहा कि एसोसिएशन का लक्ष्य मीडिया को लोकतंत्र का सशक्त चौथा स्तंभ बनाना है। उन्होंने बताया कि संगठन “मीडिया को संवैधानिक रूप से लोकतंत्र का चौथा स्तंभ घोषित करो” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में लगा है। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों से भी उपस्थित पत्रकारों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संगठन की संस्थापिका पुष्पा पांड्या, संरक्षक पीयूष त्रिपाठी, सलाहकार मंजू सुराणा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष शाश्वत तिवारी के निर्देशन पर जल्द ही देश में मीडिया को संवैधानिक रूप से गजट पत्र के माध्यम से लोकतंत्र का चौथा स्तंभ घोषित कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा जिसकी अगुवाई राजुल शर्मा द्वारा की जाएगी एवं देश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना, पत्रकार रजिस्टर का बनवाया जाना, पत्रकार सम्मान निधि के साथ पत्रकारों को बीमा, पेंशन, शिक्षा व स्वास्थ्य की उचित व्यवस्था के साथ अन्य आवश्यक चीजों की मांग भी सरकार से की जाएगी जिसमें निचले स्तर से लेकर उच्च स्तर पर बैठे जिम्मेदार जनप्रतिधियों का समर्थन लिया जाएगा। वहीं कार्यक्रम के अंत में नए पदाधिकारियों को पहचान पत्र (आई कार्ड) वितरित किए गए। इस दौरान सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संगठन की मजबूती और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष का संकल्प लिया। बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया और अपने सुझाव रखे। सभी ने यह मत व्यक्त किया कि साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन जैसे संगठन पत्रकारिता की गरिमा और स्वतंत्रता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *