दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फतेहपुर सीएफओ से विशेष बातचीत

सुरक्षित दीपावली ही खुशहाल दीपावली है -जसवीर सिंह, सीएफओ

FATEHPUR NEWS: दीपावली नजदीक है —ऐसे में पूरे जनपद में पटाखा दुकानों की अनुमति प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लेकिन हाल ही में हुए विभिन्न पटाखा विस्फोट की दर्दनाक घटनाओं ने जिले को झकझोर कर रख दिया था। सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन तैयारियों को लेकर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) फतेहपुर, जसवीर सिंह से संवाददाता सैय्यद शारिब क़मर अज़मी ने खास बातचीत की। प्रस्तुत है सीएफओ जसवीर सिंह और संवाददाता सैय्यद शारिब क़मर अज़मी के बीच हुई बातचीत के कुछ अंश –
सवाल: दीपावली पर पटाखों की दुकानों को लेकर प्रशासन की क्या तैयारी है?
जवाब: दीपावली पर्व पर स्थायी और अस्थायी दोनों तरह की पटाखा दुकानों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा गाइडलाइन जारी की गई है। कोई भी व्यापारी बिना अनुमति के पटाखा दुकान नहीं लगा सकेगा। सभी दुकानदारों को फायर सेफ्टी नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा — जैसे अग्निशामक यंत्र, बालू की बाल्टी, पानी की टंकी और उचित दूरी के नियम।
सवाल: हाल ही में हुए पटाखा विस्फोट जैसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
जवाब: हमने जिले के सभी थानों, फायर स्टेशनों और तहसीलों को अलर्ट पर रखा है। पटाखा गोदामों और दुकानों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जो लोग बिना लाइसेंस पटाखा स्टॉक करते या बेचते पाए जाएंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सवाल: क्या जनपद के निजी संस्थान, अस्पताल, कोचिंग या स्कूलों के पास फायर एनओसी है?
जवाब: अभी भी कई संस्थान ऐसे हैं जिनकी फायर एनओसी लंबित या नवीनीकरण के इंतजार में है। हमने संबंधित विभागों को पत्र जारी किए हैं और सभी संस्थानों को अनुपालन का निर्देश दिया गया है। जन सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। जिन संस्थानों के पास एनओसी नहीं होगी, उनके विरुद्ध कार्रवाई तय है।
सवाल: क्या जनता को भी किसी तरह की सतर्कता बरतनी चाहिए?
जवाब: बिल्कुल। हम आम नागरिकों से अपील करते हैं कि दीपावली पर सिर्फ लाइसेंसधारी दुकानों से ही पटाखे खरीदें, बच्चों को पटाखा जलाते समय अकेला न छोड़ें और छतों या बिजली के तारों के पास पटाखे न फोड़ें। सुरक्षा में लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है। जनता से अपील है कि अधिकृत विक्रेता से ही पटाखा क्रय करें यदि कोई ऐसी जानकारी मिलती है तो विभाग को सूचित करते हुए समाज को सुरक्षित करने में सहयोग करें और किसी भी आकस्मिक सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 112/101 नंबर का प्रयोग करें।
सवाल: क्या फायर विभाग के पास पर्याप्त संसाधन और टीमें हैं?
जवाब: हां, फिलहाल जिले में सभी फायर स्टेशन पूरी तरह अलर्ट पर हैं। अतिरिक्त वाहन और कर्मियों की तैनाती दीपावली के दौरान की जाएगी। किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए हमारी टीमें 24 घंटे तैयार रहेंगी। इसी के साथ ही अपेक्षा भाव से सभी सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों से दीपावली के अवसर पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है जिससे हर पटाखा विक्रय स्थल पर आकस्मिकता में बचा जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *