Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

विकास पुरुष’ को नम आँखों से दी श्रद्धांजलि
SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चिल्हियां स्थित दिनेश नगर में मंगलवार को ‘विकास पुरुष’ के नाम से मशहूर पूर्व मंत्री स्व. दिनेश सिंह की 16वीं पुण्यतिथि का भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और भारी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नम आँखों से श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दिनेश सिंह ने अपने जीवनकाल में क्षेत्र की जनता के लिए संघर्ष किया और अपने मंत्री कार्यकाल में सड़कें, पुल व बिजली पहुंचाकर क्षेत्र में पहली बार ‘विकास की गंगा’ बहाई। उन्होंने कहा कि स्व. दिनेश सिंह ने क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कर जनता के हृदय में अमिट छाप छोड़ी है।
स्वर्गीय दिनेश सिंह के पुत्र और पूर्व प्रत्याशी उग्रसेन सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिताजी जुझारू और संघर्षशील थे, और उन्होंने बिना किसी भेदभाव के जनता के हितों के लिए काम किया। उनके छोटे पुत्र डॉ. जितेन्द्र सिंह ने बताया कि उनके पिता की स्मृति में स्थापित ‘दिनेश मेमोरियल हॉस्पिटल’ में आज भी गरीबों को निःशुल्क इलाज दिया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन विधानसभा अध्यक्ष हरि नरायन यादव ने किया।