सीमावर्ती बढ़नी में स्मैक का जहर’ बेखौफ

मधवानगर में लाखों का अवैध कारोबार, महिलाएं बेच रहीं पुड़िया; वायरल वीडियो से हड़कंप, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल

SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा से सटे बढ़नी और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक (नशीले पदार्थ) का अवैध कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। इस जानलेवा धंधे ने स्थानीय युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिससे नशेड़ियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि दर्ज की गई है। हाल ही में, बढ़नी नगर से सटे मधवानगर में एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में एक घर के भीतर कुछ महिलाएं खुलेआम स्मैक की पुड़िया बेचती हुई दिखाई दे रही हैं। सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कारोबार में लाखों रुपये का बड़ा लेनदेन हो रहा है, जिसने स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मचा दिया है। इस वीडियो ने नगर पंचायत बढ़नी और आसपास के गाँवों में नशे के व्यापार की भयावह तस्वीर सामने ला दी है। स्मैक बेचने वाले बेखौफ होकर अपना धंधा चला रहे हैं, जिससे कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुँच चुके हैं और क्षेत्र में अपराध बढ़ने की आशंका है। स्थानीय लोगों में पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर भारी आक्रोश है। इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस कारोबार की जानकारी होने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न उठाने पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन से तत्काल वायरल वीडियो का संज्ञान लेने और मधवानगर समेत पूरे क्षेत्र में स्मैक बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *