Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

लखनऊ से वर्चुअल शुभारंभ, जालौन में जनप्रतिनिधियों ने पात्र लाभार्थियों को डेमो चेक वितरित किए
JALAUN NEWS: लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से मुख्यमंत्री ने दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत ₹1,500 करोड़ की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण की।
इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार जालौन में आयोजित किया गया, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, तथा सांसद प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को डेमो चेक वितरित किए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का शुभारंभ 1 मई 2016 को हुआ था, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को मिट्टी के चूल्हे के धुएँ से आज़ादी दिलाना और एलपीजी ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है। यह योजना महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, समय की बचत और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुई है।अब तक जनपद जालौन में 1,81,508 उपभोक्ताओं को निःशुल्क उज्ज्वला गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को भरा हुआ 14.2 किलोग्राम सिलेंडर, एलपीजी रेगुलेटर, सेफ्टी पाइप, गैस चूल्हा एवं गैस पासबुक निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। भारत सरकार और राज्य सरकार की संयुक्त पहल से उज्ज्वला लाभार्थियों को होली और दीपावली पर दो निशुल्क गैस रिफिल सब्सिडी प्रदान की जाती है। वर्तमान में गैस सिलेंडर का मूल्य ₹894.48 प्रति सिलेंडर है, जिसमें से ₹335.40 भारत सरकार द्वारा और ₹559.58 राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, डीएसओ राजीव शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।