Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जिलाधिकारी ने लाभार्थियों एवं जनपदवासियों को धनतेरस, दीपावली की दी शुभकामनाएं
FATEHPUR NEWS: दीपावली पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजनान्तर्गत उ०प्र० के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी का वितरण मुख्यमंत्री, उ०प्र० सरकार योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकभवन सभागार लखनऊ से किया गया, आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के महात्मा गांधी सभागार में विधायक खागा कृष्णा पासवान, विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की उपस्थिति में देखा व सुना गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक खागा, जहानाबाद व अयाह शाह ने सम्मिलित रूप से धनतेरस एवं दीपावली की हार्दिक बधाई देते हुए उपस्थित लाभार्थियों को बताया कि प्रधानमंत्री, भारत सरकार नरेंद्र मोदी वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री बने हैं तब से गरीबों, वंचितों की चिंता की है। महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में अनेकों योजनाओं में मुखिया बनाया गया जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अनूठी पहल है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की चिंता करते हुए खाना बनाने में धुएं से राहत दिलाने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना चलाकर पात्र लाभार्थियों को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिलाने का काम किया है, जिससे उन्हें मोतियाबिंद आदि बीमारियों से छुटकारा मिला है साथ ही होली एवं दीपावली के पर्व पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त में गैस रिफिलिंग की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। सब्सिडी से महिलाओं को धुएं से आजादी, स्वास्थ्य पर सकरात्मक प्रभाव तथा पर्यावरण सुधार जैसे सार्थक लाभ प्राप्त हुये। योजनान्तर्गत दीपावली व होली पर निःशुल्क गैस सिलेण्डर रिफिल की सुविधा पात्र लाभार्थियों को प्रदान की गयी, डबल इंजन की सरकार में प्रदेश सभी क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है, जो धरातल में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। प्रदेश सरकार नारी सुरक्षा व सम्मान के पथ पर अग्रसर है क्योंकि किसी समाज का विकास तभी संभव है जब समाज की आधी आबादी (महिलाओं) का विकास होगा। यह सब्सिडी मातृ शक्ति का सम्मान का उपहार है जिससे कि पर्वों में उत्साह से साथ उमंग भी आएंगी। प्रथम चरण (अक्टूबर से दिसम्बर 2025) दिपावली पर आधार प्रमाणित पात्र परिवारों को गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी अंतरित की गयी।
जनपद में उक्त जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 11 लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिलिंग की सब्सिडी की प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 02 लाख, 85 हजार, 296 लाभार्थी है, जिसमें से आई0ओ0सी0एल0 के कुल 02 लाख, 12 हजार, 108 एवं एच0पी0सी0एल0 के कुल 17 हजार, 657 लाभार्थी तथा बी0पी0सी0एल0 के 56 हजार 131 लाभार्थी गैस कनेक्शन प्राप्त कर चुके हैं, के सापेक्ष 02 लाख, 13 हजार, 340 लाभार्थियों द्वारा अपनी ई–के0वाई0सी0 पूर्ण करा ली गई है। ई–के0वाई0सी0 पूर्ण करा चुके लाभार्थियों को योजना के प्रथम चरण में दीपावली पर्व के अवसर पर एक सिलेंडर माह अक्टूबर–दिसंबर–2025 तक तथा द्वितीय चरण होली के अवसर पर एक सिलेंडर 01 जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक पूर्णतया निःशुल्क सिलेंडर प्रदान किए जाएंगे, जिन लाभार्थियों की ई–के0वाई0सी0 वर्तमान में अपूर्ण है , जैसे–जैसे पूर्ण होती जाएगी उन्हें निःशुल्क रिफिलिंग मिलने लगेगी। इस मौके पर जिलाधिकारी ने आगामी त्योहारों धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं दी और कार्यक्रम में आए हुए विधायकगणों व अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जितने ई–के0वाई0सी0 के लिए लाभार्थी रह गए है उनका कार्ययोजना बनाकर कैम्प के माध्यम से ई–के0वाई0सी0 जल्द से जल्द पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि लाभार्थियों को समय से निःशुल्क सिलेंडर रिफिलिंग का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शासन से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, के आधार पर पात्रों को योजना से लाभान्वित किया जाय, जिसके लिए इसका व्यापक प्रचार- प्रसार किया जाय, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से वंचित न रहे। इस कार्य को संवेदनशीलता के साथ कराते हुए निगरानी बनाए रखे और निरन्तर समीक्षा करते रहें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ अविनाश त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी व जनप्रतिनिधियों सहित कई लाभार्थी उपस्थित रहे हैं।