अवैध बालू धुलाई बना हादसे का कारण, हाइवे पर फिसली छात्राओं की साइकिल, दो घायल

सीओ कार्यालय पर ज्ञापन देने घायल छात्राओं के साथ पहुँचे कुलदीप शाक्य

ETAWA NEWS: राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध बालू धुलाई का गंदा पानी हादसे का सबब बन गया। बुधवार सुबह मलाजनी के पास हाइवे पर भरे कीचड़ में स्कूली छात्राओं की साइकिल फिसलने से दोनों छात्राएं गिर गईं और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।जानकारी के अनुसार, ग्राम मल्हूपुरा निवासी निशा कुमारी पुत्री किशन स्वरूप (कक्षा 12) और केवाला गांव की संगम पुत्री मानसिंह रोज की तरह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पढ़ने जा रही थीं। तभी मलाजनी के पास एक होटल पर अवैध बालू धुलाई के चलते हाइवे पर पानी भर गया था, जो कीचड़ का रूप ले चुका था। इसी में साइकिल फिसलने से दोनों छात्राएं गिर गईं और पीछे से आये वाहन उन्हें टक्कर मार दी।गनीमत रही कि दोनों की जान बच गई। घटना स्थल से गुजर रहे नगला भीखन निवासी व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कुलदीप शाक्य ने घायल छात्राओं को सीएचसी पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। कुलदीप शाक्य ने बताया कि यह अवैध बालू धुलाई लंबे समय से चल रही है, जिससे हजारों लीटर पानी हाइवे पर फैलकर खतरा पैदा कर रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इस हादसे के बाद कुलदीप शाक्य और परिजनों ने सीओ आयुषी को ज्ञापन सौंपा। सीओ ने बताया कि टीम गठित कर दी गई है और अवैध धुलाई केंद्रों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *