Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

160 किलोग्राम खोया नष्ट कराया
JALAUN NEWS: आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ, उ०प्र० एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार व सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ० जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद जालौन की टीम लगातार सक्रिय है। दीपावली त्योहार पर लोगों को सुरक्षित आहार उपलब्ध कराने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा कोंच तहसील के अंतर्गत नदीगांव क्षेत्र में खोया भट्ठियों के निरीक्षण कर ग्राम घिलोर में स्थित हरिसिंह की खोया भट्टी से खाद्य पदार्थ खोया का नमूना संगृहीत कर 70 किलोग्राम खोया नष्ट कराया। ग्राम कुरचौली में स्थित राहुल शर्मा की खोया भट्टी से खाद्य पदार्थ खोया का नमूना संगृहीत कर 90 किलोग्राम खोया नष्ट कराया। टीम की सूचना की खबर लगने पर अन्य खोया भट्ठियां ने संचालन बंद कर मौके से गायब मिले। साथ ही फूड सेफ्टी वेन द्वारा नदीगांव कस्बे के बाजार में खाद्य पदार्थों की मिलावट एवं शुद्धता की जांच के सम्बन्ध में आमजनमानस व खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक किया गया व निर्देश दिए गए कि खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों का प्रयोग न करे। संग्रहित किए गए नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। प्रतिष्ठानों में साफ सफाई संतोषजनक न पाए जाने पर सुधार नोटिस निर्गत किए गए।जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। विभागीय टीम द्वारा यह अभियान लगातार जारी है और त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण चलता रहेगा। इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, महेश प्रसाद, अनिल कुमार शंखवार तथा सुनील कुमार उपस्थित रहें।