Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दीपावली पर सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दिया गैस सिलेंडर का तोहफा
JHANSI NEWS: गरीब परिवारों की महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का शुभारंभ 1 मई 2016 को किया गया था। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना का उद्देश्य महिलाओं को मिट्टी के चूल्हे के धुएँ से मुक्ति दिलाकर स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना, महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना तथा ग्रामीण आबादी को स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचाना है. दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से 1,500 करोड़ की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण अभियान का शुभारंभ किया।
जनपद में इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत पवन गौतम ने किया। इस कार्यक्रम में विधायक मऊरानीपुर डॉ0 रश्मि आर्य, सदस्य विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद एवं अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़ द्वारा पुष्प गुच्छ बैठ कर स्वागत किया। नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का लाइव प्रसारण देखा गया। जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 215295 लाभार्थी पंजीकृत हैं। आज के अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत पवन गौतम सहित समस्त जनप्रतिनिधियों ने उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को सब्सिडी का चेक एवं सिलेंडर वितरित कर उन्हें लाभान्वित किया। दीपावली के अवसर पर नि:शुल्क सिलेंडर मिलने से लाभार्थी महिलाएँ अत्यंत प्रसन्न दिखाई दीं। उन्होंने कहा कि “सरकार हो तो ऐसी, जो त्योहारों पर भी अपने लाभार्थियों का ध्यान रखे और हर घर में खुशियों का प्रकाश फैलाए।” जिला पूर्ति अधिकारी सुश्री सोम्या अग्रवाल ने बताया कि जनपद के सभी 215295 उज्ज्वला गैस कनेक्शन लाभार्थियों को शासन की मंशानुसार नि:शुल्क एलपीजी रिफिल प्रदान किए जा रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने बताया कि लाभार्थी अपने स्तर से उपभोक्ता दर पर भुगतान कर रिफिल प्राप्त करेंगे, जिसके उपरांत सब्सिडी की राशि उनके आधार-प्रमाणित बैंक खाते में स्थानांतरित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद,अपर जिलाधिकारी न्याय श्री अरुण कुमार गौड़, जिला पूर्ति अधिकारी सुश्री सौम्या अग्रवाल, समस्त क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी ऑयल कंपनी एलपीजी वितरण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।