बिजली संशोधन के नाम पर एसडीओ और उनका मुंशी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपए रिश्वत के साथ किया गिरफ्तार

FATEHPUR NEWS: जिले में बिजली बिल संशोधन के नाम पर रिश्वत लेते हुए उपखंड अधिकारी (एसडीओ) और उनके निजी मुंशी को एंटी करप्शन प्रयागराज की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार दोपहर को की गई, जब दोनों 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे। जिले के विद्युत विभाग में उपभोक्ताओं के बढ़े हुए बिजली बिलों को संशोधित करने के नाम पर मनमानी वसूली की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। आरोप है कि अधिकारी अक्सर निजी व्यक्तियों के माध्यम से यह वसूली करवाते थे, जिससे विभाग में भ्रष्टाचार का माहौल बना हुआ था। इस भ्रष्टाचार का खुलासा तब हुआ जब विकास सिंह भदौरिया नामक एक पीड़ित ने एंटी करप्शन प्रयागराज में शिकायत दर्ज कराई। विकास सिंह भदौरिया (निवासी मकान नंबर 335 सिविल लाइन, थाना कोतवाली) ने अपने पिता के आवासीय विद्युत कनेक्शन के बढ़े हुए बिल को संशोधित कराने के लिए रिश्वत मांगे जाने की बात कही थी। उन्होंने 14 अक्टूबर को प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत के आधार पर, एंटी करप्शन प्रयागराज की ट्रैप टीम ने गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कार्रवाई की। टीम ने उपखंड अधिकारी प्रेम चंद्र (पुत्र शिवधनी यादव, निवासी ब्राह्मणपुर, थाना चंदवक, जिला जौनपुर) और उनके निजी मुंशी अतुल सिंह (पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी डडवल, थाना मेहनाजपुर, जिला आजमगढ़, वर्तमान पता सुकून नगर, थाना कोतवाली) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। इस गिरफ्तारी के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन प्रयागराज प्रभारी इंस्पेक्टर अंजली यादव ने प्रेस नोट जारी कर घटना की जानकारी दी। ट्रैप टीम में निरीक्षक रविंद्र सिंह, अलाउद्दीन अंसारी, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, मुख्य आरक्षी अनिरुद्ध कुमार बलवंत, शशिकांत शर्मा, विकास पांडेय, वेद प्रकाश मिश्र और योगेंद्र सिंह शामिल थे। इस मामले में थरियांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *