275 बच्चों को पिलाई गई होम्योपैथी औषधि

FATEHPUR NEWS: जनपद में इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, आरोग्य भारती और दि होमियोपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में डेंगू बचाव महाअभियान फिर से शुरू किया गया। डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने प्राथमिक विद्यालय महाजरी के 38 और कम्पोजिट विद्यालय बकन्धा के 237 बच्चों को निःशुल्क होम्योपैथिक औषधि वितरित की। कुल 275 बच्चों को डेंगू तथा अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए दवाएं दी गईं। डॉ. अनुराग ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता बनाए रखकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने पीने के पानी को उबालकर पीने और कहीं भी पानी जमा न होने देने की सलाह दी, क्योंकि रुके हुए पानी में मच्छरों का प्रजनन होता है। इस कार्यक्रम में प्रधानाचार्या कमला गुप्ता, शैलजा और होमियोपैथी केमिस्ट प्रकोष्ठ इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के संयोजक अभिनव श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *