Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRATAPGARH NEWS: जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया की सामान्य मासिक वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का संचालन संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव द्वारा किया गया। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने कहा कि देश में किसी विशेष स्थिति या घटना के दौरान संबंधित क्षेत्र का इंटरनेट बंद कर दिया जाता है, जिससे पत्रकारों को समाचार संकलन और प्रकाशन में कठिनाई होती है। उन्होंने सरकार से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की, ताकि पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन सुचारु रूप से कर सकें। संस्था के राष्ट्रीय पदाधिकारी राजू चारण ने कहा कि पत्रकारों की अपनी एक सशक्त और अलग पहचान होनी चाहिए, जिससे वे समाज में एक आदर्श और विश्वसनीय पत्रकार के रूप में स्थापित हो सकें। संगठन के उत्तर प्रदेश सलाहकार समिति के सदस्य व वरिष्ठ पत्रकार सलमान खान ने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर उतर कर क्षेत्र के पत्रकार साथियों की समस्याओ को अधिकारियों के समक्ष रखकर निस्तारण का प्रयास करना चाहिए जिससे क्षेत्र के पत्रकारों को पत्रकारिता करने में कोई असुविधा का सामना न करना पड़े बैठक का समापन करते हुए राष्ट्रीय संयोजक डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। इसी भाव के साथ पत्रकारों को भी निष्पक्ष रहकर जनता की समस्याओं को उजागर करना चाहिए। संगठन पत्रकारों के हित में निरंतर कार्यरत है और रहेगा, परंतु इसके लिए आवश्यक है कि सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करें।