Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

भारी मात्रा में मिठाई और बेसन सीज व नष्ट
SIDHARTHNAGAR NEWS: आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में दीपावली पर्व के मद्देनज़र मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देशन में विशेष छापामार अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सनई चौराहा स्थित एक प्रतिष्ठान से 01 छेना मिठाई का नमूना संग्रहित करते हुए 40 किलो मिठाई नष्ट कराई। इसी क्रम में परसा शाह आलम स्थित मिठाई निर्माण इकाई से 01 लच्छा बर्फी, 01 डोडा बर्फी और 01 सूजी हलवा केक के नमूने एकत्र किए गए। मौके पर 305 किलो लच्छा बर्फी और 161 किलो डोडा बर्फी सीज की गई, जबकि 200 किलो सूजी हलवा केक और 35 किलो डोडा बर्फी नष्ट कराई गई। इसके अलावा शिव नगर डीडई, बांसी से 01 बेसन का नमूना संग्रहित करते हुए 349 किलो बेसन सीज किया गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम ने मौके पर खाद्य कारोबारियों को चेतावनी देते हुए उन्हें मानक नियमों का पालन करने और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने के लिए जागरूक किया। अभियान टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर. एल. यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र प्रताप सिंह, तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरा लाल, नीरज कुमार चौधरी, जय प्रकाश और रंजन कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।