त्यौहार से पहले मिर्जापुर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, असलहा तस्करी करने वाला गिरोह धराया

MIRZAPUR NEWS: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने जनपद में आगामी त्योहार धनतेरस, दीपावली और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए और साथ ही अपराध पर रोक लगाने व अवैध शस्त्रों के खिलाफ अभियान में भी तेजी लाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर के नेतृत्व में थाना पड़री, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। 16 अक्टूबर को थाना पड़री, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना से मिली कि तीन महुआ पुल गौरा राजा के पास बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल लिए कुछ व्यक्ति खड़े है। जो आपस में असलहा खरीदने व बेचने की बात कर रहे है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर पांच शातिर अभियुक्त अंकित पांडेय, अभिषेक पांडेय, आशीष यादव, मिलन यादव और यश पांडेय को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पांचों अभियुक्त जिले के अलग-अलग क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार अभियुक्त अंकित पाण्डेय के पास से 1 पिस्टल 32 बोर और 2 जिंदा कारतूस 32 बोर, अभिषेक पांडेय के पास से 1 पिस्टल 32 बोर, आशीष यादव के पास से 1 पिस्टल 32 बोर, मिलन यादव के पास से 1 तमंचा 315 बोर और यश पांडेय के पास से 1 पिस्टल 32 बोर बरामद किया गया। उक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में थाना पड़री पर मु0अ0सं0 213/2025 धारा 3/25/29 आयुध अधिनियम पंजीकृत कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। बरामद बुलेट मोटरसाइकिलों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया । जानकारी के मुताबिक 16 अक्टूबर 2025 को थाना पड़री, एसओजी और सर्विलांस की पुलिस टीम ने मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्करी करने वाले गैंग के सरगना सुंदरम उपाध्याय 28 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक पिस्टल, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस 32 बोर, और 700 रुपये नकद बरामद किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि उनका एक संगठित आठ सदस्यीय गैंग है जिसके माध्यम से वह अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं. अवैध शस्त्र को खरीद कर लाने का काम गैंग सरगना-सुन्दरम उपाध्याय उपरोक्त द्वारा किया जाता है तथा सप्लाई जहां करनी होती है उनके द्वारा हम लोगों को बताया जाता है । अवैध शस्त्रों को मध्य प्रदेश से सस्ते दामों पर खरीदकर लाते है तथा मांग के अनुसार ऊंचे दामों (एक पिस्टल लगभग 30-50 हजार व एक तमंचा लगभग 5-7 हजार रुपये)पर जनपद मीरजापुर सहित अन्य आस पास के जनपदों में बेचने का काम करते है । अवैध असलहों की बिक्री से प्राप्त धनराशि को हम लोग आपस में बांट लेते है । गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी है। इस कार्यवाही में थाना पड़री प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी उप-निरीक्षक मानवेन्द्र सिंह अपनी अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *