Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KUSHINAGAR NEWS: सेवरही विकासखंड के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय जंगली पट्टी में बृहस्पतिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. रामजियावन मौर्य ने औचक निरीक्षण किया। बीएसए सुबह 10 बजे विद्यालय पहुंचे और सबसे पहले ऑफिस में मौजूद पंजिका रजिस्टर की जांच की, जिसमें सभी अध्यापक उपस्थित पाए गए। इसके पश्चात उन्होंने कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के कक्षों में जाकर बच्चों से संवाद किया और उनके शैक्षिक स्तर की जानकारी ली। बच्चों द्वारा उत्तर दिए जाने पर उन्होंने शिक्षकों के प्रयास की सराहना की। निरीक्षण के दौरान बीएसए ने मिड डे मील योजना के अंतर्गत मिलने वाले भोजन की व्यवस्था की जानकारी ली और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई देखकर संतोष प्रकट किया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना आप सभी का प्राथमिक कर्तव्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर मौजूद खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अमितेश कुमार ने कहा कि यह विद्यालय विकासखंड के श्रेष्ठ विद्यालयों में से एक है। यहाँ के बच्चे न केवल शैक्षिक रूप से सशक्त हैं, बल्कि उनका आचरण और अनुशासन भी प्रेरणादायक है। इसका श्रेय विद्यालय के शिक्षकों की सक्रियता और प्रतिबद्धता को जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि इसी विद्यालय के छात्र अभिनव का हाल ही में जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन हुआ है, जो पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है। इस दौरान ग्राम प्रधान भूटई निषाद, प्रधानाध्यापक अजय कुशवाहा सहित शिक्षक हरी प्रसाद, प्रमोद सिंह, नवीन कुमार, रजनीश विश्वकर्मा, ज. यूसुफ अहमद, मोहन कुमार मुखिया और कुंवर अजीत कुमार मौजूद रहे।