हरिओम के परिवार से मिलने के बाद योगी सरकार पर भड़के राहुल गांधी

सरकार पर कई आरोप लगाकर राहुल ने कहा कि हमें न मिलने दो पर न्याय तो दो

राहुल गांधी का दावा कि सरकार ने पीड़ित परिजनों को बंधक बनाकर बनवाया वीडियो

FATEHPUR NEWS: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को फतेहपुर जिले में हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मुलाकात की। राहुल गांधी ने हरिओम वाल्मीकि के परिवार से करीब 20 – 25 मिनट तक मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने देश में दलितों पर हो रहे अत्याचारों पर गहरी चिंता जताई। राहुल गांधी ने कहा कि पूरे देश में दलितों की हत्या और बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि वे हरिओम के परिवार की रक्षा करें। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परिवार को धमकाकर वीडियो बनाया गया कि वे उनसे नहीं मिलना चाहते। उन्होंने कहा कि आज सुबह सरकार ने परिवार को मुझसे न मिलने की धमकी दी। जबरन वीडियो बनवाया। इसकी जानकारी परिवार ने मुझे दी। परिवार मुझसे मिले या न मिले, यह जरूरी नहीं है, बल्कि जरूरी यह है कि जो अपराधी हैं, उनके खिलाफ एक्शन हो। दरअसल, राहुल के पहुंचने से करीब एक घंटे पहले हरिओम के भाई शिवम वाल्मीकि ने परिवार के साथ वीडियो जारी किया था। वीडियो में उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी राजनीति करने न आएं। हम सरकार से संतुष्ट हैं। राहुल गांधी शुक्रवार सुबह साढ़े 8 बजे दिल्ली से कानपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से फतेहपुर आए। मुलाकात के दौरान राहुल कुर्सी पर बैठकर परिवार से बात कर रहे थे, तभी हरिओम की मां फफक पड़ीं। राहुल ने उन्हें मदद का भरोसा दिया। वहीं, हरिओम की बहन राहुल को देखकर रोने लगी। इसके बाद राहुल ने उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी। राहुल ने पिता से हालचाल पूछा, तो वे भावुक हो गए और हाथ जोड़कर रोने लगे। राहुल ने उनका हाथ पकड़कर दिलासा दी। फिर उन्हें भी गले लगा लिया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार के लोग परिवार को धमका रहे हैं और उन्हें उनसे मिलने से रोक रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को बंधक बनाकर रखा गया है। राहुल ने बताया कि परिवार ने उन्हें जानकारी दी कि उनकी बेटी का ऑपरेशन होना जरूरी है, लेकिन सरकार ने उन्हें घर में बंद कर दिया है, जिससे इलाज में देरी हो रही है। उन्होंने कहा, “हमारी पूरी कोशिश है कि हम इनकी मदद कर सकें। हम न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन परिवार को घर से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा।” राहुल गांधी ने कहा कि मेरे पहुंचने से पहले परिवार को धमका कर वीडियो बनाया गया कि वे उनसे नहीं मिलना चाहते लेकिन मैंने उनसे मुलाक़ात की और उन्होंने कहा कि सरकार के लोगों ने जबरन वीडियो बनवाया। इस घटना को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि ऐसी स्थिति में परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि हरिओम की हत्या के बाद से परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने वादा किया कि वे इस मामले को उठाते रहेंगे और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *