एमएलसी गोपाल ने कुंडा के पटाखा व्यापारियों की समस्या का कराया समाधान

PRATAPGARH NEWS: प्रतापगढ़ जिले के कुंडा नगर पंचायत क्षेत्र में पटाखा व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच कुछ बिंदुओं पर उत्पन्न विवाद ने 16 अक्टूबर की रात ही सुलझा लिया गया। विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी की तत्परता से समस्या का शांतिपूर्ण समाधान हो गया। इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों में प्रशासन के प्रति विश्वास बहाल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, दीवाली से पहले पटाखा व्यापारियों को दुकानें लगाने में कुछ तकनीकी और स्थान संबंधी बाधाओं का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस प्रशासन की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर व्यापारियों में असंतोष फैल गया था। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर गोपाल जी को सूचना मिलते ही वे 16 अक्टूबर की रात कुंडा पहुंचे।उन्होंने दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के साथ लंबी बैठक की और सभी मुद्दों पर सहमति बनाई। गोपाल जी ने कहा, प्रशासन के सभी अधिकारी समस्त पटाखा व्यापारियों का पूर्ण सहयोग करेंगे। सभी दुकानों को एक साथ, एक समुचित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से लगवाया जाएगा। इससे व्यापारियों को सुविधा मिलेगी और सुरक्षा मानकों का भी पालन होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि त्योहारों के मौसम में व्यापार बाधित न हो, यही हमारा उद्देश्य है। बैठक में नगर पंचायत कुंडा के चेयरमैन प्रतिनिधि शिव कुमार त्रिपाठी भगवन, प्रभारी निरीक्षक कुंडा अवन कुमार दीक्षित और पटाखा व्यापारियों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। व्यापारियों ने गोपाल जी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मध्यस्थता से न केवल विवाद समाप्त हुआ, बल्कि भविष्य के लिए एक मजबूत मॉडल भी तैयार हो गया। स्थानीय निवासियों ने इस समाधान का स्वागत किया है। एक व्यापारी ने बताया, अब हम बेफिक्र होकर दुकानें सजा सकेंगे। गोपाल जी का धन्यवाद! प्रशासन ने आश्वासन दिया कि निर्धारित स्थान पर दुकानें शीघ्र लगाई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *