मिशन शक्ति के तहत परिवार परामर्श केंद्र ने कराया सफल निस्तारण

FATEHPUR NEWS: जनपद में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत एक पारिवारिक विवाद का सफल निस्तारण किया गया। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर थाना बिंदकी स्थित परिवार परामर्श केंद्र में यह समझौता कराया गया।
परामर्श केंद्र प्रभारी प्रीति कटियार और काउंसलर सुनीता गुप्ता ने दोनों पक्षों की विस्तृत काउंसलिंग की। इस दौरान आपसी वैचारिक मतभेदों को दूर किया गया, जिसके बाद दंपति ने एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हुए पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।काउंसलिंग सत्र के दौरान महिला कांस्टेबल सीमा पांडेय भी सहयोग के लिए मौजूद थीं। पुलिस विभाग द्वारा संचालित यह परिवार परामर्श केंद्र ‘संवाद है समाधान’ के सिद्धांत पर कार्य करता है। इसका उद्देश्य वैवाहिक विवादों को बातचीत और समझदारी के माध्यम से सुलझाना है। मिशन शक्ति अभियान 5.0 महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देता है। पुलिस अधीक्षक ने ऐसे मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान को समाज में शांति और स्थिरता के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *