एससी एस टी आयोग के निदेशक एवं अन्वेषक ने हरिओम के परिजनों से की मुलाक़ात

प्रशासनिक कार्यवाही राहत राशि एवं पुनर्वास की ली जानकारी

FATEHPUR NEWS: रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में युवक की पिटाई कर हत्या किए जाने के प्रकरण में न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यवाहियों की वस्तुस्थिति जानने हेतु राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग, भारत सरकार के निदेशक उत्तम प्रसाद एवं वरिष्ठ अन्वेषक गिरीश कुमार राठौर ने शुक्रवार को जनपद फतेहपुर का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने तुराबअली का पुरवा स्थित मृतक के घर जाकर उनके माता, पिता, भाई व बहन से मुलाकात की।उपजिलाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक सदर सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रकरण से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक से अब तक हुई विवेचना, गिरफ्तारी एवं न्यायिक कार्यवाही की प्रगति रिपोर्ट जानी। साथ ही, उपजिलाधिकारी से पीड़ित परिवार को दी जा रही सरकारी सहायता, राहत राशि एवं पुनर्वास योजनाओं की जानकारी भी ली। उपजिलाधिकारी अनामिका श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की बहन कुसुम देवी को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर में स्टाफ नर्स एवं भाई शिवओम को ख़ासमऊ आश्रम पद्धति विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी में आउटसोर्स के तहत नियुक्ति प्रदान की गई है। प्रकरण में अब तक जिला प्रशासन द्वारा की गयी कार्रवाई पर प्रशंसा करते हुए संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने बेहतर सामंजस्य बनाते हुए त्वरित कार्यवाही की इससे परिवार को सम्बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया गया है। आयोग के अधिकारियों ने कहा कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव, सीओ सिटी गौरव शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश यादव, तहसीलदार सदर अमरेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *