Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

AMETHI NEWS: यूपी ट्रेड शो 2025 के अंतर्गत जनपद अमेठी में आयोजित स्वदेशी मेला के 9वें दिन विभिन्न विभागों द्वारा प्रशिक्षार्थियों को आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार हेतु प्रेरित किया गया। आज के कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, खादी विभाग, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, आईटीआई, आरसेटी आदि के प्रशिक्षार्थियों को विभिन्न ऋण योजनाओं और उद्यमिता कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना पर प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षार्थियों को यह समझाया गया कि कोई भी उद्यम सफलता केवल लगन और मेहनत से ही प्राप्त होती है। इस अवसर पर नोडल प्रधानाचार्य विवेक ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के कार्यक्रमों और प्रशिक्षण सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, अग्रणी बैंक प्रबंधक राजीव पांडेय ने योजनाओं के वित्तीय पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षार्थियों को ऋण सुविधा और वित्तीय सहायता से संबंधित विवरण दिए। कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी उत्पादों की खरीददारी भी बड़े उत्साह के साथ की गई। स्थानीय और जनपद में निर्मित विभिन्न देशी उत्पादों में अभ्यर्थियों और आगंतुकों की काफी रुचि देखी गई। उपायुक्त उद्योग दिनेश कुमार चौरसिया ने बताया कि स्वदेशी मेला का समापन कल, दिनांक 18/10/2025 को किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को सफल बनाएं और स्वदेशी उद्योगों को प्रोत्साहन दें। स्वदेशी मेला में आयोजित यह विशेष सत्र युवाओं को उद्यमिता के प्रति जागरूक करने और स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ।