Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दोषी पाए जाने पर राजस्व निरीक्षक होंगे निलंबित
BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) जनमानस की शिकायतों एवं समस्याओं के प्रभावी निराकरण हेतु डीएम पवन अग्रवाल की अध्यक्षता में तहसील बलरामपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान डीएम द्वारा जनमानस की शिकायतों एवं समस्याओं को सुना गया एवं कतिपय शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस में आई शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समयावधि के भीतर किए जाने का निर्देश संबंधित को दिया।इस दौरान शिकायतकर्ता जगराम निवासी ग्राम ख़ैरहनिया द्वारा पैमाईश के नाम पर राजस्व निरीक्षक द्वारा पैसे लिए जाने एवं पैमाईश न किए जाने के प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल जांच के निर्देश एसडीएम सदर को दिए । उन्होंने निर्देश दिए कि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि पैमाईश या किसी भी राजस्व कार्य हेतु किसी भी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही या अवैध धन वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि इस प्रकार की कोई शिकायत हो तो प्रशासन को अवगत कराएं जिससे दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।उन्होंने भूमि विवाद एवं लॉ एंड ऑर्डर से जुड़े मामलों में राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा न हो , यह राजस्व अधिकारी व संबंधित विभाग सुनिश्चित करेंगे।इस दौरान तहसील उतरौला एवं तहसील तुलसीपुर में भी आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ताओं की शिकायतों/समस्याओं को संबंधित अधिकारियों द्वारा सुना गया एवं निस्तारण किया गया। इस दौरान एसडीएम सदर, सीओ, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास विभाग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार व अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।