अवैध रूप से 240 कुन्तल गेहूं ले जा रहा ट्रक पकड़ा, एसडीएम ने लगाया 90 हजार रुपये जुर्माना

SIDHARTHNAGAR NEWS: उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्रा की अगुवाई में मण्डी समिति कर्मचारियों की टीम ने शुक्रवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गेहूं ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक संख्या यूपी 27 एटी 5363 में 400 बोरे, लगभग 240 कुन्तल गेहूं लदा हुआ था, लेकिन चालक के पास परिवहन से सम्बंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। टीम ने यह कार्रवाई एनएच 730 पर महथा बाजार मोड़ के पास की, जहां जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गेहूं का अवैध परिवहन किया जा रहा था। मौके पर ही ट्रक को जब्त कर तहसील शोहरतगढ़ प्रांगण में खड़ा करा दिया गया। प्रशासन ने ट्रक मालिक पर 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।एसडीएम विवेकानन्द मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई गेहूं की कालाबाजारी और सरकारी क्रय केंद्रों से हो रही धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान मण्डी सहायक सुरेन्द्र कुमार कन्नौजिया, कम्प्यूटर ऑपरेटर नफीस आलम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *