डीएम की अध्यक्षता व एसपी की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ तहसील समाधान दिवस

62 शिकायती पत्रों में 7 का हुआ मौके पर निस्तारण

SIDHARTHNAGAR NEWS: तहसील डुमरियागंज में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी राजेश कुमार तथा पुलिस अधीक्षक ने की। जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि से संबंधित सभी विवादों का मौके पर निरीक्षण कर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला स्तरीय टीम गठित कर लंबित मामलों की जांच कराने के आदेश दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। समाधान दिवस में कुल 62 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व से संबंधित 46, पुलिस विभाग से 6, विकास विभाग से 2 और अन्य विभागों से 8 प्रार्थना पत्र थे। इनमें से 7 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा कराया गया। शेष प्रकरणों को तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, परियोजना निदेशक नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, तहसीलदार डुमरियागंज, समस्त थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *