Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को तहसील मड़ियाहूं सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने की। कार्यक्रम में कुल 142 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, अवैध कब्जा, राजस्व एवं पुलिस से संबंधित मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर संतुष्टि भी प्राप्त करें। इस दौरान दिव्यांग नवीन कुमार निवासी मड़ियाहूं ने आधार कार्ड न बनने की शिकायत दर्ज की। जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मात्र दो घंटे में नवीन का आधार कार्ड बन गया और उन्हें व्हीलचेयर, अंगवस्त्र, पेंशन समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में भूमि विवाद से जुड़ी कई शिकायतें जैसे रीना चौहान, मुन्ना, धनिया देवी और संतोष कुमार की भी उठीं, जिन पर जिलाधिकारी ने तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता दी जाए। धनतेरस के अवसर पर जिलाधिकारी ने मुसहर बस्ती के पात्र परिवारों को जमीन के पट्टे एवं स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए, जिससे “सबका साथ, सबका विकास” की नीति को बल मिला। जिलाधिकारी ने नागरिकों से “समर्थ पोर्टल” पर सुझाव देने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह, जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसी प्रकार जिले की अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस का सफल आयोजन हुआ।