Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRAYAGRAJ NEWS: (कुलदीप सिंह वरिष्ठ संवाददाता) संगम नगरी प्रयागराज का सिविल लाइंस इलाका, जो कभी अपनी साफ-सुथरी सड़कों और व्यवस्थित यातायात के लिए जाना जाता था, अब अतिक्रमण की चपेट में आ चुका है। स्थिति यह हो गई है कि यहां आम लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। मुख्य सिविल लाइंस के सुभाष चैराहे से डीआरएम रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर अक्सर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इस सड़क पर एसेसरीज और वाहन मरम्मत करने वाले दुकानदारों ने दो लेन तक कब्जा कर रखा है। नतीजतन, 100 मीटर की दूरी तय करने में लोगों को आधा से एक घंटा लग जाता है। इसी तरह, सीबीएसई बोर्ड ऑफिस से लेकर पीवीआर बिग बाजार के समीप वाली सड़क पर भी स्थिति बेहद दयनीय है। यहां पर फलों, सब्जियों, और नॉनवेज के ठेले वालों ने सड़क का अधिकांश हिस्सा घेर रखा है। वाहनों के निकलने के लिए जगह न होने के कारण आए दिन विवाद और जाम की स्थिति बनती रहती है। तीसरा प्रमुख स्थान चाइना मार्केट है, जहां दुकानदारों ने दोनों ओर अतिक्रमण कर रखा है। इससे न केवल पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है बल्कि वाहनों को चैराहे पार करने में भी घंटों लग जाते हैं। शहर के नागरिकों का कहना है कि यदि सिविल लाइंस जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्र की यह हालत है, तो कीडगंज, मुट्ठीगंज और चैक जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में हालात का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।
नगर निगम की लापरवाही पर उठ रहे सवाल
नगर निगम द्वारा समय-समय पर दिखावटी कार्रवाई जरूर की जाती है, लेकिन उसका असर कुछ ही घंटों तक रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनीतिक संरक्षण के चलते अतिक्रमणकारियों के खिलाफ स्थायी कार्रवाई नहीं हो पाती। अधिकारी अक्सर “मौन” साधे रहते हैं।
न्यायिक हस्तक्षेप की उम्मीद
नागरिकों का मानना है कि अब केवल उच्च न्यायालय ही इस मामले में ठोस कदम उठा सकता है। इससे पहले भी आईजीआरएस पोर्टल और अन्य माध्यमों से कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। समाचार पत्रों और स्थानीय चैनलों द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभागों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब ठोस कार्रवाई करता है।