Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

बडो की निगरानी में बच्चे छुडाएं पटाखे, फुलझडियां
एसआरएन बर्न यूनिट में 24 घंटे उपलब्ध है उपचार सुविधा
PRAYAGRAJ NEWS: दीपावली का त्योहार खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, परंतु पटाखों के प्रयोग में थोड़ी-सी लापरवाही कभी-कभी गंभीर हादसों का रूप ले लेती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष (प्लास्टिक सर्जरी) डॉ. मोहित जैन ने आज आम जनता से अपील की है कि दीपावली पर उत्सव मनाएं लेकिन पूरी सावधानी के साथ।
डॉ. मोहित जैन ने कहा कि बच्चों को अकेले पटाखे ना जलाने दें, हमेशा बड़ों की निगरानी में ही जलाएं, पटाखे खुली जगह पर और ज्वलनशील वस्तुओं से दूर फोड़े। नायलॉन या सिंथेटिक कपड़ों की जगह सूती कपड़े पहनें, ताकि आग का खतरा कम हो और पास में पानी की बाल्टी या रेत रखें, ताकि किसी आकस्मिक घटना पर तुरंत सहायता मिल सके। डॉ. मोहित जैन ने कहा कि असफल पटाखों को दोबारा न जलाएँ, हाथ या चेहरे के पास से पटाखे न फोड़े,
यदि कोई जल जाए, तो तुरंत जलते हिस्से को 10दृ15 मिनट तक बहते पानी में रखें। टूथपेस्ट, हल्दी, घी, डिटॉल या किसी घरेलू वस्तु का प्रयोग न करें, और आंख में चोट लगने पर न रगड़ें, न पानी डालें, तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें। डॉ. मोहित जैन ने बताया कि एसआरएन में जलने वाले मरीजों के लिए आधुनिक बर्न यूनिट 24 घंटे सक्रिय है, जहाँ प्लास्टिक सर्जरी एवं आपातकालीन चिकित्सा की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर थोड़ी सी सावधानी आपके और आपके परिवार के जीवन को सुरक्षित रख सकती है। यदि किसी प्रकार की जलन या चोट हो, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें या हेल्पलाइन 8005000168 पर सहायता प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि दीपों का यह पर्व खुशियाँ बाँटने का अवसर है। सुरक्षित रहिए, सजग रहिए और दूसरों को भी जागरूक बनाइए।”