Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित बचपन डे केयर सेन्टर पर धनतेरस के शुभ अवसर पर नन्हें- मुन्ने दिव्यांग बच्चों को यूनीफार्म, जूते एवं स्कूल बैग का वितरण किया गया है। इस अवसर पर कार्यक्रम में नौशीन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं प्रगति मिश्रा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी द्वारा प्रतिभाग किया गया। नन्हें-मुन्ने दिव्यांग बच्चों को नौशीन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के द्वारा यूनीफार्म, जूते एवं स्कूल बैग का वितरण किया गया। यूनीफार्म स्कूल बैग आदि पाकर दिव्यांग बच्चों के चेहरे खिल उठे। साथ ही यह भी अवगत कराना है कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा जनपद फतेहपुर में बचपन डे केयर सेन्टर का संचालन शुरू कर दिया गया है। सेन्टर पर 03 से 07 वर्ष की आयु के दृष्टि बाधित, श्रवण बाधित, बौद्धिक अक्षमता व अधिगमन अक्षमता बच्चों के शिक्षण एवं प्रशिक्षण की निःशुल्क व्यवस्था है। बच्चों के आने-जाने के लिए वाहनों की निःशुल्क व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त मध्याह्न भोजन, शुद्ध पेयजल, खेलने के लिए बाल्य उद्यान, स्मार्ट क्लास, फिजियोथेरेपी, स्पीचथेरेपी आदि की व्यवस्था की गयी है। बच्चों के शिक्षण-प्रशिक्षण हेतु योग्य विशेष शिक्षकों की तैनाती है। खेलकूद एवं मनारंजन हेतु टेलीविजन, प्रोजेक्टर, लैपटाप, कम्प्यूटर एवं गेम कार्नर, खेल संसाधन (सामग्री) उपलब्ध है। बच्चों से सम्बन्धित उपकरण जैसे कान की मशीन, ब्रेल किट, एम०आर० किट आदि निःशुल्क उपलब्ध कराये जायेंगे। 05 वर्ष तक के श्रवण बाधित बच्चों की निःशुल्क कॉक्लियर इम्पलांट सर्जरी के लिए भी सम्पर्क कर सकते है। उक्त श्रेणी के दिव्यांग बच्चों के अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन सेन्टर पर करा सकते है। पंजीकरण हेतु कुल बच्चों की स्वीकृति क्षमता 80 है। जिसमें श्रवण बाधित 20, दृष्टि बाधित 20, बौद्धिक अक्षमता 20 व अधिगमन अक्षमता 20 बच्चों का पंजीकरण किया जाना है। सेन्टर पर शिक्षण प्रशिक्षण सहित सभी सुविधायें निःशुल्क प्रदान की जायेंगी। बच्चों का पंजीकरण जुलाई माह से प्रारम्भ हो चुका है। नामांकन व किसी भी जानकारी के लिए पवन तिवारी, समन्वयक, संपर्क सूत्र – 9654767466 से संपर्क किया जा सकता है।