दीपावली को लेकर मंदिरों व बाजारों में बढ़ी चहल पहल, छोटी दिवाली पर रोशन हुए दीप

PRATAPGARH NEWS: दीपावली के पर्व को लेकर रविवार को भी बाजारों में चहल पहल के साथ खरीदारी का माहौल दिखा। वहीं पौराणिक धाम बाबा घुइसरनाथ समेत मंदिरों में आकर्षक विद्युत साज सज्जा के साथ फूलों की सजावट भी श्रद्धालुओं के लिए मनमोहक देखी गयी। लालगंज के श्री हनुमत निकेतन व हरिहर मंदिरम, इनहन भवानी धाम, तिना चितरी के बूढ़ेश्वर नाथ मंदिरों में रविवार को भी श्रद्धालुओं को छोटी दीवाली पर दीप प्रज्जवलित करते देखा गया। वहीं पौराणिक स्थली घुइसरनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने बाबा का दर्शन पूजन कर छोटी दीवाली पर दीप जलाए। बाबा घुइसरनाथ धाम दीपावली के पर्व पर सामूहिक दीपोत्सव को लेकर भी रविवार की शाम से ही आस्था का माहौल रंगत में देखा गया। आदि गंगा सई आरती को लेकर भी तैयारियों को लेकर समिति के पदाधिकारी मशक्कत में दिखे। घरों में भी छोटी दीवाली पर विद्युत सजावट के साथ दीप जलाए गए। मंदिरों में दीपावली पर सामूहिक सुंदरकाण्ड व हनुमान जी महराज के पूजन अर्चन को लेकर भी तैयारियां तेज दिखीं। बाजारों में पटाखे की दुकानों के साथ मिठाईयों की दुकानों पर भीड़ देर शाम तक देखी गयी। एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा व सीओ आशुतोष मिश्रा तथा लालगंज कोतवाल आलोक कुमार एहतियातन फोर्स के साथ शांति और व्यवस्था को लेकर मशक्कत में दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *