श्रीमद् भागवत कथा को लेकर भव्य कलश यात्रा में शंख ध्वनि की गूंज के साथ हुई पुष्प वर्षा

निर्मल मन से भगवान के प्रति निष्ठा है पुण्यदायी:श्री राघव रामानुजदास

PRATAPGARH NEWS: लालगंज नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में श्रीमद्भागवत कथा को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी। विद्या मंदिर मार्ग होते हुए कलश यात्रा श्री हनुमत निकेतन मंदिर पहुंची। शंख ध्वनि तथा ढोल व मंजीरे से नाचते गाते श्री राधे भक्तों ने हनुमान जी की पूजा अर्चना कर कथा के लिए शुभाशीष मांगा। इसके बाद कलश यात्रा कोतवाली के समीप परमानंद आश्रम स्थित हरिहर मंदिरम पहुंची। यहां से कलश यात्रा तहसील गेट होते राजेन्द्र नगर से जंगली बीर बाबा धाम पहुंची। कथा व्यास प्रयागराज से पधारे श्री राघव रामानुजदास सुधाकर जी महराज के वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य पूजन अर्चन के बाद कलश यात्रा कथा स्थली पहुंची। श्री राधे कृष्ण नाम जाप के सुमधुर संकीर्तन के साथ महिलांए सिर पर कलश धारण कर द्वारिकाधीश का जयघोष भी करती दिखी। कलश यात्रा नगर के बाजार एवं छोटी नहर मार्ग से गुजरी तो व्यापारियों व आम लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया। कथा के संयोजक आचार्य राम अवधेश मिश्र एवं समाजसेविका श्रीमती लल्ला मिश्रा व चुक्कन प्रसाद मिश्र ने कथा व्यास राघव रामानुजदास जी का मंगलाभिषेक किया। कथा के पहले दिन विद्या मंदिर प्रांगण में पांडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी दिखी। व्यासपीठ से श्री राघव रामानुजदास जी ने कहा कि भगवान के प्रति निष्ठा का कोई मोल नही हुआ करता। उन्होने कहा कि भगवान को स्वीकार करने के लिए मन का पवित्र होना आवश्यक है। उन्होने कहा कि श्रीमद् भागवतगीता में भगवान श्रीकृष्ण के दिए गए उद्देश्य जीवन के लिए सदैव मंगलकारक हैं। सहसंयोजक रजनीश मिश्र ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। वहीं पूर्व ब्लाक प्रमुख पूर्णांशू ओझा, रामनारायण मिश्र, रामानुज मिश्र, रामप्रताप मिश्र ने व्यास पीठ का पूजन अर्चन किया। इस मौके पर संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश, प्रेम नारायण तिवारी, केशवराम ओझा, आचार्य प्रदेाष नारायण सिंह, रामशिरोमणि मिश्र, गौरीशंकर तिवारी, उमेश पाल मिश्र, प्रमोद कुमार पांडेय, हर्षद शुक्ल, बृजबिहारी मिश्र आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *