Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRATAPGARH NEWS: लालगंज तहसील क्षेत्र के दुल्लापुर भोजपुर गांव में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक किसान के धान के खेत में करीब 12 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। शनिवार रात ग्रामीणों ने खेत में कुछ चलता देखा तो उन्होंने वन विभाग को सूचना दी थी। सूचना पर टीम ने देर रात क्षेत्र की निगरानी की और रविवार सुबह मगरमच्छ को पकड़ने का अभियान शुरू किया।
पानी से भरे खेत में विशालकाय मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में खलबली मच गई। खेत के चारों ओर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही लालगंज वन क्षेत्राधिकारी एस.पी. मिश्रा मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू टीम गठित कर अभियान शुरू कराया। टीम में बनरक्षक दिनेश कुमार, बन दरोगा त्रिभुवन तिवारी, महेंद्र कुमार,अंजनी कुमार यादव, रमेश कुमार मिश्र, महेंद्र कुमार, चंद्रभान तिवारी, अंगद तिवारी, अमरनाथ तिवारी, माली गया प्रसाद और विवेक कुमार शामिल रहे। लगातार करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने वन विभाग की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से कोई बड़ा हादसा टल गया। वन क्षेत्राधिकारी एस.पी. मिश्रा ने बताया कि मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ है। उसे वाहन से सुरक्षित काला कांकर क्षेत्र की गंगा नदी में छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में गंगा का जलस्तर घटने और खेतों में पानी भरने से मगरमच्छों का रिहायशी क्षेत्रों की ओर आना बढ़ा है। घटना के बाद गांव में दहशत और जिज्ञासा दोनों का माहौल रहा। बच्चे-बुजुर्ग सभी मगरमच्छ को देखने के लिए खेत की ओर उमड़ पड़े। वन विभाग ने अपील की है कि ऐसे जलीय जीव दिखने पर लोग खुद कोई प्रयास न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें।