शिक्षक विधायक ने किया लालता प्रसाद चतुर्वेदी शिक्षक भवन का शिलान्यास

SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत शोहरतगढ़ के शिवपति इंटर कॉलेज में रविवार को शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने विद्यालय के संस्थापक प्रधानाचार्य स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह की पुण्य स्मृति में लालता प्रसाद चतुर्वेदी शिक्षक भवन का विधि विधानपूर्वक पूजन कर शिलान्यास किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि इस भवन के निर्माण से विद्यार्थियों और शिक्षकों को कई प्रकार के लाभ मिलेंगे। भवन का सदुपयोग शिक्षक विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय लालता प्रसाद चतुर्वेदी सदैव शिक्षकों के हितार्थ आवाज बुलंद करते रहे और उनकी प्रेरणा से शिक्षा क्षेत्र में बेहतर कार्य हो रहे हैं। विधायक ने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विद्यालय न केवल स्थानीय क्षेत्र बल्कि दूर-दराज के जनपदों और पड़ोसी मुल्क नेपाल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता रहा है। यहां से पढ़ाई लिखाई कर विद्यार्थी अच्छे पदों पर पहुंचने के साथ-साथ समाज सेवा में भी योगदान दे रहे हैं और विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। विद्यालय के प्रबंधक राजा योगेन्द्र प्रताप सिंह ने शिक्षक विधायक निधि से लगभग 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने जा रहे इस भवन को सराहनीय पहल बताया। प्रधानाचार्य विक्रम प्रसाद यादव ने मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य, माध्यमिक शिक्षक संघ जिला अध्यक्ष रामविलास यादव, महामंत्री डॉ. हृदय नारायण मिश्र, चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, सूर्य प्रकाश पाण्डेय, सिद्धार्थ चतुर्वेदी, राम प्रताप सिंह, प्रभात कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *